हल्द्वानी। रामनगर-कालाढूंगी-काठगोदाम-चोरगलिया-सितारगंज-बिज्टी मोटर मार्ग (राज्य मार्ग संख्या-41) पर में शेर नाला पर 120 मीटर स्पान डबल लेन आरसीसी प्री-स्ट्रेस कंक्रीट सेतु का लोकार्पण रविवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने किया।
विश्व बैंक सहायता प्राप्त यू-पी परियोजना के तहत निर्मित इस पुल की स्वीकृत लागत 993 लाख रुपये है।
पुल के निर्माण से इस मार्ग पर आवागमन को सुविधा मिलने के साथ ही बरसात के दौरान शेर नाला के कारण यातायात बाधित होने की समस्या से भी राहत मिलने की उम्मीद है।
वर्ग, क्षेत्र और जाति के आधार पर राजनीति स्वीकार नहीं : धामी
जागरण संवाददाता, हल्द्वानी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की हल्द्वानी रैली में कथित तौर पर लगाए गए धार्मिक नारों को लेकर कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड में वर्ग, क्षेत्र और जाति के आधार पर राजनीति किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने इसे कांग्रेस की हताशा, निराशा और राजनीतिक नैरेटिव गढ़ने की कोशिश करार दिया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी रविवार को चोरगलिया के एक रिसोर्ट में आयोजित भाजपा की मंडल अध्यक्षों की बैठक के लिए पहुंचे हैं। पत्रकारों से बातचीत में खरगे की रैली को लेकर शुद्धीकरण मामले में कार्रवाई के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि खरगे वरिष्ठ और सम्मानित नेता हैं, उनकी वरिष्ठता का सभी सम्मान करते हैं, लेकिन देवभूमि में इस तरह का विभाजनकारी नैरेटिव स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि रैली के बाद रामलीला मैदान में धार्मिक उन्माद फैलाने वाले नारे लगाए गए और वहां गंदगी की गई। इसके विरोध में कुछ स्वयंसेवी धार्मिक संगठनों ने स्थल का शुद्धिकरण किया होगा।
धामी ने कांग्रेस पर दलित एंगल देकर राजनीतिक लाभ लेने का आरोप लगाया। उन्होंने डा. भीमराव आंबेडकर, बाबू जगजीवन राम और सीताराम केसरी के साथ कांग्रेस के व्यवहार का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में आंबेडकर से जुड़े पंचतीर्थों को विकसित कर उन्हें सम्मान देने का काम किया गया है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड ने हमेशा सभी को अपनाया है और यहां जाति या वर्ग के आधार पर विभाजन की राजनीति नहीं चल सकती।
वंदे मातरम् और सैनिकों के सम्मान पर भी कांग्रेस को घेरा
मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर राष्ट्रभक्ति और सैनिकों के सम्मान को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि उनका विरोध राहुल गांधी या कांग्रेस के प्रत्येक कार्यकर्ता से नहीं, बल्कि उन विचारों से है जिनमें वंदे मातरम् का विरोध किया जाता है और सैनिकों की कार्रवाई पर सवाल उठाए जाते हैं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड सैनिकों की भूमि है और यहां सेना के जवानों का विशेष सम्मान है।
मंडल अध्यक्षों को देंगे चुनावी गुरु मंत्र
मुख्यमंत्री ने संगठनात्मक बैठकों को लेकर बताया कि गढ़वाल मंडल के मंडल अध्यक्षों और जिलाध्यक्षों के साथ बैठक हो चुकी है। इसी क्रम में कुमाऊं मंडल के सभी मंडल अध्यक्षों और जिलाध्यक्षों के साथ बैठक की जा रही है। इसके बाद विधायकों और सांसदों के साथ भी चर्चा होगी। उन्होंने कहा कि आगामी कार्यक्रमों और संगठन की रूपरेखा को लेकर प्रदेश स्तर से प्राप्त दिशा-निर्देशों पर भी पदाधिकारियों के साथ चर्चा की जाएगी।
घायलों को उपचार कराना प्राथमिकता
मुख्यमंत्री ने पीपलकोटी घटना को बेहद दुखद और दुर्भाग्यपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि हादसे के समय 22 लोग वहां थे, जिनमें से 20 को बाहर निकाला जा चुका है। हादसे में कुछ लोग हताहत हुए हैं और दो लोगों की तलाश अभी जारी है। मुख्यमंत्री ने बताया कि उन्होंने घटना की मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दिए हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता निर्माण परियोजनाओं में काम करने वाले कर्मचारियों की सुरक्षा है। चाहे टनल हो, रोपवे, सड़क या अन्य परियोजना कार्मिकों की सुरक्षा से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं होना चाहिए। फिलहाल प्राथमिकता घायलों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने और लापता लोगों की तलाश पूरी करने की है।
राहुल गांधी के आचरण पर भी साधा निशाना
मुख्यमंत्री ने राहुल गांधी पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी की भाषा असंयमित और अमर्यादित हो गई है। उन्होंने एक कार्यक्रम में राष्ट्राध्यक्ष के साथ कथित तौर पर किए गए व्यवहार को लेकर भी कांग्रेस नेता की आलोचना की और कहा कि इससे महिलाओं के प्रति उनकी सोच पर भी सवाल उठते हैं।
धामी ने कहा कि कांग्रेस की ऐसी राजनीति उसकी हताशा और निराशा को दर्शाती है। उन्होंने महिला आरक्षण का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और राजग सरकार ने विधानसभाओं और संसद में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने का निर्णय किया है।