नंदुरबार। महाराष्ट्र के नंदुरबार जिले में टोरनमल स्थित प्रसिद्ध सीताखाई पॉइंट पर उस वक्त हड़कंप मच गया जब एक व्यक्ति जिपलाइन पर बीच में फंस गया। हालांकि उसको सुरक्षित बचाया लिया गया।
सीताखाई पॉइंट पर नई शुरू हुई जिपलाइन सवारी के दौरान एक तकनीकी खराबी से एक पर्यटक 3,500 फीट गहरी खाई के ऊपर मध्य-आकाश में लटक गया था।
टोरनमल महाराष्ट्र का दूसरा सबसे बड़ा हिल स्टेशन है। हाल ही में यहां पर्यटकों के लिए एडवेंचर जिपलाइन शुरू की गई थी। सवारी का आनंद ले रहे एक पर्यटक अचानक बीच में रुक गए। जिपलाइन में तकनीकी फॉल्ट के कारण वह हजारों फीट ऊंचाई पर लटक गए, जिससे आसपास मौजूद लोग घबरा गए।
वीडियो में साफ दिख रहा है कि पर्यटक हवा में लटका हुआ है और जिपलाइन स्टाफ का एक ऑपरेटर उनकी मदद के लिए पहुंचा। रेस्क्यू टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए पर्यटक को सुरक्षित नीचे उतारा। किसी प्रकार की जान-माल की हानि नहीं हुई।
जिपलाइन स्टाफ की सतर्कता और तेजी से शुरू किए गए बचाव अभियान ने बड़ी त्रासदी को टाल दिया। रेस्क्यूअर ने लटके हुए व्यक्ति तक पहुंचकर उन्हें धीरे-धीरे सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया।