मुंबई में मशहूर ओलंपिया कॉफी हाउस पर गिरा FDA का चाबुक: यूरिनल के पास मिला खाना, कॉकरोच और खून मिलने पर लाइसेंस सस्पेंड

Parthadmin

मुंबई। मुंबई में कैफे पर एफडीए का एक्शन चालू है। महाराष्ट्र फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन (एफडीए) ने गुरुवार को कोलाबा स्थित प्रसिद्ध ओलंपिया कॉफी हाउस का लाइसेंस निलंबित कर दिया। निरीक्षण में फूड स्टोरेज एरिया में यूरिनल, रसोई में कॉकरोच और मक्खियों का प्रकोप और फ्रिज में मांस और खून के अवशेष पाए गए।

उपभोक्ता शिकायत पर हुई कार्रवाई में एफडीए ने मुंबई सेंट्रल के नायर अस्पताल की कैंटीन का लाइसेंस भी तुरंत निलंबित कर दिया। ये दोनों समेत राज्य भर में 27 जगहों के निरीक्षण के बाद 14 फूड प्रतिष्ठानों के लाइसेंस निलंबित किए गए।

ओलंपिया कॉफी हाउस में गंभीर स्वच्छता उल्लंघन दर्ज किए गए। फूड स्टोरेज में यूरिनल के अलावा अस्वच्छ खाना बनाने और बर्तन धोने की व्यवस्था, फर्श पर सीधे खाना संभालना, गंदे पानी का इस्तेमाल और शाकाहारी-मांसाहारी कच्चे खाने का सही अलगाव न होना पाया गया।

क्षतिग्रस्त लकड़ी के चॉपिंग बोर्ड और फूड हैंडलर्स द्वारा सुरक्षात्मक कपड़ों का न पहना जाना भी नोट किया गया। 35 फूड हैंडलर्स में से 34 ने अनिवार्य फूड सेफ्टी ट्रेनिंग नहीं ली थी। पानी परीक्षण रिपोर्ट और सैनिटेशन रिकॉर्ड भी उपलब्ध नहीं थे।

अन्य प्रतिष्ठानों में केंबूर का ब्लिंकिट स्टोर, घाटकोपर के विशवास स्वीट्स और ए-1 जनरल एंड ड्राई फ्रूट्स, वरली का मिलन पंजाब, मलाड का सदगुरु स्वीट्स तथा खारघर की एक यूनिट शामिल हैं। पुणे और नागपुर में भी कई रेस्तरां प्रभावित हुए।

त्योहारी सीजन अभियान में एफडीए ने राज्य भर में 2,813 किलो दूध और डेयरी उत्पाद जब्त किए, जिनकी कीमत 7.38 लाख रुपये है। इनमें खोया, मावा और पनीर शामिल हैं।

ठाणे और मीरा रोड में गुजरात से लाए जा रहे 2,300 किलो से अधिक घटिया मावा जब्त किया गया। नागपुर में प्रतिबंधित गुटखा और तंबाकू ले जा रहे वाहनों से 12.10 लाख रुपये का माल जब्त कर तीन गिरफ्तारियां की गईं।

Share This Article
Leave a Comment