मुंबई के विरासत पुलिस स्टेशन में लगी आग, प्रशासन ने तुरंत संभाली स्थिति

Parthadmin

मुंबई। मुंबई के 102 साल पुराने ऐतिहासिक भायखला पुलिस स्टेशन में रविवार शाम भीषण आग लगने से भारी नुकसान हुआ था। हालांकि, घटना के 24 घंटे के भीतर ही पुलिस प्रशासन ने वैकल्पिक व्यवस्था कर यहां कामकाज दोबारा शुरू कर दिया है।

बता दें कि रविवार शाम को पुलिस स्टेशन की हेरिटेज इमारत की पहली मंजिल पर अचानक आग लग गई। इस आग में क्राइम एंड क्रिमिनल ट्रैकिंग नेटवर्क एंड सिस्टम (CCTNS) रूम बुरी तरह प्रभावित हुआ। यहां रखे कंप्यूटर, टैबलेट, प्रिंटर, स्कैनर, सीसीटीवी उपकरण, जरूरी पुलिस रिकॉर्ड और फाइलें जलकर खाक हो गईं।

आग लगने का कारण क्या?

मिली जानकारी के अनुसार शुरुआती जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट या बिजली का कोई फॉल्ट माना जा रहा है। गनीमत यह रही कि इस हादसे में किसी की जान नहीं गई।

अब स्थिति कैसी है?

पुलिस स्टेशन की पुरानी हेरिटेज इमारत से सटी नई प्रशासनिक इमारत को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है। पुलिस ने तुरंत जरूरी काम इस नई इमारत में शिफ्ट कर दिए हैं। सोमवार शाम से पासपोर्ट सत्यापन का काम भी दूसरी सुरक्षित जगह से शुरू कर दिया गया है।

अधिकारियों के मुताबिक, पुलिस सेवाओं को पूरी तरह सामान्य होने में 3 से 4 दिन लगेंगे, जबकि ऐतिहासिक इमारत की मरम्मत में एक महीने से ज्यादा का समय लग सकता है।

जनता को कोई परेशानी नहीं

इसके अलावा पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि आम जनता को परेशान होने की जरूरत नहीं है। एफआईआर (FIR), एनसी (NC), शिकायतें या अन्य काम अब भायखला पुलिस स्टेशन में ही दोबारा शुरू हो रहे हैं, इसलिए लोगों को किसी दूसरे पुलिस स्टेशन जाने की आवश्यकता नहीं है।

भायखला पुलिस स्टेशन के बारे में जानिए

गौरतलब है कि इस पुलिस स्टेशन के इमारत की साल 1924 में यानी आज से 102 साल पहले ब्रिटिश काल के दौरान बनाई गई थी। इसके एतिहासिक महत्व को ऐसे भी समझा जा सकता है कि यह मुंबई के सबसे पुराने पुलिस स्टेशनों में से एक है और पिछले एक सदी से लगातार जनता की सेवा कर रहा है।

Share This Article
Leave a Comment