हैदराबाद: आदित्य धर की ‘धुरंधर’ भले ही सिनेमाघरों से उतर गई है, लेकिन ओटीटी पर अब भी इसका जादू छाया हुआ है. इस फ्रैंचाइजी ने बॉक्स ऑफिस के कई रिकॉर्ड तोड़े. फिल्म की पॉपुलैरिटी सिर्फ सिनेमाघरों तक ही सीमित नहीं रही. नेटफ्लिक्स पर आने के बाद भी इसे दुनिया भर में बहुत से दर्शकों ने देखा. शायद यही वजह है कि ‘धुरंधर’ अब दुनिया भर में नेटफ्लिक्स की सबसे बड़ी भारतीय नॉन-इंग्लिश फिल्म बनकर उभरी है.
नेटफ्लिक्स के को-सीईओ टेड सारंडोस ने हाल ही में इस फिल्म के बारे में बात करते हुए बताया कि यह उन भारतीय फिल्मों में से एक थी जिन्होंने स्ट्रीमिंग सर्विस पर बहुत अच्छा प्रदर्शन किया, जिससे यह साबित हुआ कि इसकी लोकप्रियता सिनेमाघरों से कहीं ज्यादा थी.
एक मीडिया इंटरव्यू में टेड सारंडोस से पूछा गया कि क्या भारतीय फिल्मों और शो का भी दुनिया भर में वैसा ही असर पड़ रहा है, जैसा कोरियाई शो ‘स्क्विड गेम’ का पड़ा था. तब उन्होंने बताया कि आदित्य धर की ‘धुरंधर’ इस साल दुनिया में सबसे ज्यादा देखी जाने वाली नॉन-इंग्लिश फिल्म थी.
उन्होंने कहा, ”धुरंधर’ इस साल दुनिया में सबसे ज्यादा देखी जाने वाली नॉन-इंग्लिश फिल्म थी. यह हर दूसरी इंग्लिश फिल्म से ज्यादा देखी गई और इसे देखने के मामले में यह सिर्फ यूएस और यूके से पीछे रही.’
बातचीत के दौरान, सारंडोस ने बताया कि लोग अक्सर उनसे पूछते हैं कि भारत में साउथ कोरिया के ‘स्क्विड गेम’ या स्पेन के ‘ला कासा डे पैपेल’ (मनी हाइस्ट) जैसा ग्लोबल कल्चरल फेनोमेनन कब देखने को मिलेगा. उन्होंने जवाब में कहा कि भारत पहले से ही लगातार ग्लोबल लेवल पर सफल कंटेंट बना रहा है और ऐसे पल ‘ऑल द टाइम’ आते रहते हैं.
टेड सारंडोस ने कहा, ‘इसके सिनेमा के जरिए आने की संभावना ज्यादा है. जब हमने ‘सेक्रेड गेम्स’ बनाई थी, तब टेलीविजन का स्वरूप बिल्कुल अलग था. इसलिए, अब तक के इतिहास और आगे जो कुछ भी हो रहा है, उसे देखते हुए लगता है कि यह सिनेमा के रूप में ही सामने आएगा.’
उन्होंने आगे कहा, ‘2024 से हर हफ्ते ग्लोबल टॉप 10 में कोई न कोई भारतीय फिल्म या सीरीज़ रही है और यह उस एल्गोरिदम का नतीजा है जो आपको चीजे खोजने में मदद करता है. यह बात ऐसी है जो मुझे बहुत पसंद है. इसी वजह से, इस साल दुनिया भर में नेटफ़्लिक्स पर भारतीय कंटेंट को 3.5 अरब घंटे देखा गया है.’
आदित्य धर की फ्रैंचाइजी में रणवीर सिंह के साथ अर्जुन रामपाल, संजय दत्त, आर. माधवन, सारा अर्जुन और राकेश बेदी जैसे अहम किरदार में नजर आए थे. इस फिल्म को आदित्य धर, ज्योति देशपांडे और लोकेश धर ने जियो स्टूडियोज और B62 स्टूडियोज के बैनर तले मिलकर प्रोड्यूस किया है. यह स्पाई-एक्शन फिल्म पिछले साल दिसंबर में रिलीज हुई थी. इस साल मार्च में इसका दूसरा भाग ‘धुरंधर: द रिवेंज’ सिनेमाघरों में आया और साल की सबसे बड़ी हिट फिल्म बन गई.