मुंबई में रफ्तार का कहर! सिग्नल पर खड़ी बाइक और 3 ऑटो को कार ने मारी टक्कर, महिला की मौत

Parthadmin

मुंबई। मुंबई के मलाड वेस्ट में एक भीषण सड़क हादसा हुआ, जिसमें एक महिला की मौत हो गई। तेज रफ्तार से दौड़ रही कार ने ट्रैफिक सिग्नल पर खड़ी एक मोटरसाइकिल और तीन ऑटो-रिक्शा को टक्कर मार दी।

यह घटना रविवार रात करीब 8 बजे ममलातदारवाड़ी-SV रोड जंक्शन पर हुई। इस हादसे का CCTV फुटेज भी सामने आया है।

तेज रफ्तार कार ने ट्रैफिक सिग्नल पर खड़े वाहनों को मारी टक्कर

CCTV फुटेज में कार को सिग्नल पर खड़ी गाड़ियों से टकराते हुए देखा जा सकता है, जिससे व्यस्त चौराहे पर अफरातफरी मच गई।

इस हादसे में जान गंवाने वाली महिला की पहचान प्रियंका सत्रा के नाम से हुई है। प्रियंका लॉ ग्रेजुएट थीं, वे शादीशुदा थीं और उनके दो बच्चे भी हैं। हादसे के दौरान प्रियंका अपने मोटरसाइकिल पर अपने पति के पीछे बैठी थीं, तभी कार ने उन्हें टक्कर मारी।

कार से लगी टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार दोनों लोग गिर पड़े। प्रियंका को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। उनके पति को फ्रैक्चर और पीठ में चोटें आईं और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया।

हादसे में 6 लोग घायल

पुलिस ने बताया कि कार ने मोटरसाइकिल के साथ ही तीन ऑटो-रिक्शा को भी टक्कर मारी, जिससे उनके ड्राइवर और यात्री भी घायल हो गए।

इस मामले में पुलिस ने 70 साल के कार ड्राइवर कृष्णा चमनकर को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस के मुताबिक, ड्राइवर ने दावा किया कि मलाड सबवे से SV रोड की ओर गाड़ी चलाते समय गलती से ब्रेक की जगह एक्सीलरेटर दब गया था।

मेडिकल जांच में उनके खून में शराब नहीं पाई गई। उन्हें पहले मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया गया और बाद में 15,000 रुपये के कैश बॉन्ड पर जमानत दे दी गई।

Share This Article
Leave a Comment