भोपाल: 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राजधानी में जगह-जगह ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किए गए. मध्य प्रदेश विधानसभा, पुलिस आयुक्त कार्यालय, कलेक्टर कार्यालय, वक्फ बोर्ड कार्यालय सहित नगर निगम और अन्य सरकारी संस्थानों में तिरंगा फहराकर देश की आजादी के लिए बलिदान देने वाले वीर शहीदों को नमन किया गया. इस दौरान अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने शहरवासियों को स्वतंत्रता दिवस की बधाई और शुभकामनाएं दीं.
मध्य प्रदेश विधानसभा में ध्वजारोहण
मध्य प्रदेश विधानसभा में प्रमुख सचिव अरविंद शर्मा ने ध्वजारोहण किया. इस मौके पर विधानसभा के अधिकारी-कर्मचारी और उनके परिजन मौजूद रहे. अरविंद शर्मा ने स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा, “देश की आजादी के लिए जिन स्वतंत्रता सेनानियों ने अपना सर्वस्व न्योछावर किया, उन्हें आज श्रद्धांजलि अर्पित की जा रही है. हमारे शहीदों ने जिस मजबूत और विकसित भारत का सपना देखा था, उसे पूरा करने की जिम्मेदारी हम सभी की है.”
पुलिस आयुक्त कार्यालय में ध्वजारोहण
पुलिस आयुक्त कार्यालय में पुलिस आयुक्त संजय कुमार ने ध्वजारोहण किया. उन्होंने शहरवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा, “कानून-व्यवस्था बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है. आपसी सहयोग और जागरूकता के साथ भोपाल को सुरक्षित और अपराधमुक्त बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं.”
कलेक्टर कार्यालय में ध्वजारोहण
कलेक्टर कार्यालय में कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने ध्वजारोहण कर अधिकारियों और कर्मचारियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं. उन्होंने कहा, “प्रशासन की प्राथमिकता शहरवासियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ ही सुरक्षित और व्यवस्थित भोपाल का निर्माण करना है.”
वक्फ बोर्ड कार्यालय में ध्वजारोहण
वक्फ बोर्ड कार्यालय में अध्यक्ष डॉ. सनवर पटेल ने ध्वजारोहण किया. उन्होंने देशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की मुबारकबाद देते हुए कहा, “देश को आजादी कई कुर्बानियों के बाद मिली है. वक्फ बोर्ड अपने अधिकारियों और कर्मचारियों के सहयोग से लगातार आगे बढ़ रहा है. भोपाल में हयात अस्पताल की तर्ज पर प्रदेश के अन्य क्षेत्रों में पैथोलॉजी लैब शुरू करने की दिशा में भी काम किया जाएगा.”
नगर निगम कार्यालय में ध्वजारोहण
नगर निगम मुख्यालय और निगम वर्कशॉप में भी स्वतंत्रता दिवस समारोह आयोजित किया गया. महापौर मालती राय और नगर निगम परिषद के अध्यक्ष किशन सूर्यवंशी ने ध्वजारोहण कर भोपालवासियों को स्वतंत्रता दिवस की बधाई और शुभकामनाएं दीं. स्वतंत्रता दिवस के मौके पर पूरे भोपाल में देशभक्ति का माहौल नजर आया. सरकारी कार्यालयों के साथ विभिन्न निजी संस्थानों में भी शान से तिरंगा लहराया और लोगों ने देश की एकता, अखंडता और प्रगति का संकल्प लिया.