विजय शाह मामले में सरकार पर बरसे उमंग सिंघार, राज्यपाल से अभियोजन स्वीकृति पर फैसला लेने की मांग

Parthadmin

भोपाल: कर्नल सोफिया कुरैशी को लेकर विवादित टिप्पणी करने वाले मंत्री विजय शाह के खिलाफ अभियोजन के मामले को लेकर नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने राज्यपाल को पत्र लिखा है. नेता प्रतिपक्ष सिंगार ने इस पत्र में मंत्री विजय शाह के विरुद्ध अभियोजन स्वीकृति पर निर्णय लेने की मांग की है. सिंघार ने सवाल उठाया है कि आखिर मंत्री के लिए अलग कानून क्यों है. उन्होंने सवाल किया है कि आखिर मोहन सरकार अभियोजन की स्वीकृति क्यों नहीं दे रही है.

विजय शाह मामले में राज्यपाल को लिखी चिट्ठी

नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कर्नल सोफिया कुरैशी के अपमान के मुद्दे पर मंत्री विजय शाह पर अभियोजन चलाए जाने की मंजूरी दिए जाने की मांग की है. सिंघार ने इस संबंध में राज्यपाल मंगू भाई पटेल को को पत्र लिखकर मंत्री विजय शाह के विरुद्ध अभियोजन की स्वीकृति का निर्णय लेने की मांग की है. सिंघार ने कहा, “इस गंभीर मामले में SIT अभियोजन स्वीकृति मांग रही है, लेकिन अपने मंत्री को बचाने के लिए मोहन सरकार ने अभियोजन स्वीकृति देने का मामला लटकाए हुए है. जिससे सरकार की मंशा पर सवाल खड़े हो रहे हैं.”

सभी के लिए कानून बराबर

नेता प्रतिपक्ष ने आगे कहा, “जब जांच एजेंसी अभियोजन स्वीकृति मांग रही है, तो सरकार और कैबिनेट द्वारा अपने ही मंत्री के मामले में स्वीकृति से इनकार करना बेहद गंभीर है. यह सवाल खड़ा करता है कि मंत्री के लिए अलग कानून क्यों? कानून सभी के लिए समान होना चाहिए, किसी मंत्री को उसके पद के कारण विशेष संरक्षण नहीं दिया जा सकता.”

मंत्री पर केस चलाने की अनुमति अभी पेंडिंग

मंत्री विजय शाह पर मामला चलाने की मंजूरी अभी तक सरकार के पास पेंडिंग है. अभी भी सरकार की ओर से इसमें कोई अधिकृत स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई. उधर सुप्रीम कोर्ट ने इस विषय में सरकार को जल्द से जल्द निर्णय लेने को पहले ही कह चुकी है. विवादित बयान के बाद इस मामले की जांच के लिए जो एसआईटी गठित की गई थी वो जांच पूरी कर चुकी है. एसआईईटी की ओर से अभियोजन की अनुमति मांगी गई है. नियम भी यही है कि अगर किसी जनप्रतिनिधि के खिलाफ प्रकरण चलाया जाना हो तो सरकार की अनुमति आवश्यक होती है.

क्या है पूरा मामला

ये पूरा मामला महू के एक सार्वजनिक कार्यक्रम का है. करीब साल भर पहले महू के एक सार्वजनिक कार्यक्रम में मंत्री विजय साह ने कर्नल सोफिया कुरैशी को लेकर विवादित टिप्पणी की थी. कर्नल सोफिया कुरैशी ऑपरेशन सिंदूर के दौरान चर्चा में आई थी. वे इस दौरान इस ऑपरेशन से जुड़ी जानकारी प्रेस वार्ता के जरिए मीडिया को देती थी.

Share This Article
Leave a Comment