लखनऊ: कांग्रेस पार्टी के जिस नेता से पिछले माह लाइव डिबेट के दौरान हनुमान गढ़ी के महंत राजू दास ने अभद्रता की थी, उसे पार्टी ने हाथों-हाथ लिया है. पहले जिला प्रवक्ता से प्रमोट कर प्रदेश प्रवक्ता बनाया और अब पूरे प्रदेश के प्रवक्ताओं को उन्हीं के अंडर कर दिया है. अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने कुंवर सिंह निषाद को उत्तर प्रदेश कांग्रेस मीडिया डिपार्टमेंट का नया चेयरमैन नियुक्त किया है. वे उत्तर प्रदेश मीडिया एंड कम्यूनिकेशन डिपार्टमेंट के चेयरमैन रहे डॉ. सीपी राय की जगह जिम्मेदारी संभालेंगे.
मीडिया विभाग में बदलावों की नई श्रृंखला हुई शुरू: अभी दो दिन पहले ही कांग्रेस ने वाइस चेयरपर्सन रहे मनीष हिंदवी की जगह दो नए वाइस चेयरपर्सन के नामों का ऐलान किया था. पार्टी ने प्रदेश प्रवक्ता प्रियंका गुप्ता और संजीव सिंह को वाइस चेयरपर्सन की जिम्मेदारी सौंपी थी. अब कांग्रेस मीडिया एंड कम्यूनिकेशन डिपार्टमेंट में पूरी कमान कुंवर सिंह निषाद संभालेंगे. मूल रूप से मथुरा के रहने वाले कुंवर सिंह निषाद पूर्व में भारतीय जनता युवा मोर्चा के उपाध्यक्ष भी रह चुके हैं.
आलाकमान के फैसलों से चौंके पार्टी के वरिष्ठ नेता: इस बार ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए कई ऐसे बड़े फैसले लिए हैं, जिनसे पार्टी के नेता और कार्यकर्ता अचंभित हैं. हाल ही में मीडिया विभाग के वाइस चेयरपर्सन की जिम्मेदारी प्रियंका गुप्ता को मिलने पर कई सीनियर प्रवक्ताओं ने असहजता महसूस की थी. हालांकि हाईकमान के इस निर्णय को सभी ने स्वीकार कर लिया. अब गुरुवार देर रात पार्टी के इस नए आदेश ने सभी को हैरान कर दिया है.
अयोध्या विवाद के बाद सुर्खियों में आए थे कुंवर निषाद: कुछ दिन पहले ही अयोध्या में निषाद सम्मेलन का कार्यक्रम हुआ था, जिसमें यूपी प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम और प्रदेश अध्यक्ष अजय राय पहुंचे थे. अजय राय ने इस सम्मेलन में जाने से पहले हनुमान गढ़ी में बजरंगबली के दर्शन किए थे. इसके बाद मीडिया में यह खबर फैली कि जिस सम्मेलन में प्रदेश अध्यक्ष गए थे, वहां मछली भोज कराया गया था. एक टीवी डिबेट के दौरान इसी बात पर महंत राजू दास और कुंवर सिंह निषाद के बीच तीखी बहस हो गई.
डिबेट में हुए विवाद का मिला सीधा राजनीतिक फायदा: बहस के दौरान महंत राजू दास ने आपा खो दिया और कुंवर सिंह निषाद पर अमर्यादित टिप्पणियां कर दीं. इस घटना के बाद कांग्रेस ने प्रदेश मुख्यालय पर प्रेस कॉन्फ्रेंस बुलाई और कुंवर निषाद को पूरा समर्थन दिया. निषाद समाज के लोगों ने भी जगह-जगह विरोध प्रदर्शन कर कार्रवाई की मांग उठाई थी. इस पूरे घटनाक्रम का सीधा फायदा कुंवर सिंह निषाद को मिला और पार्टी ने उन्हें मीडिया विभाग का अध्यक्ष बना दिया.