सीहोर में बना दुनिया का सबसे बड़ा ट्रांसफॉर्मर प्लांट, 13 महीने में तैयार; 2 हजार लोगों को मिली नौकरी

Parthadmin

भोपाल: मध्य देश की राजधानी भोपाल से सटे सीहोर जिले में दुनिया की सबसे बड़ी ट्रांसफार्मर मैन्युफैक्चरिंग यूनिट और सबसे बड़े टेस्ट लैब में काम शुरू हो गया है. इस यूनिट में हर साल 365 ट्रांसफॉर्मर बनाए जाएंगे और करीब दो हजार लोगों को रोजगार मिला है. यह यूनिट भूमि पूजन के सिर्फ 13 महीने में तैयार हो गई है. मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जन्माष्टमी के पर्व पर इस यूनिट की शुरूआत की. इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में पिछले 8 महीने में कई बड़ी कंपनियों की ईकाइयों की शुरूआत हुई है. हाल ही में ग्वालियर-चंबल अंचल में गोदरेज इंडस्ट्रीज ने साबुन तैयार करने की एशिया की सबसे बड़ी चौथी यूनिट की शुरूआत की है.

13 माह में तैयार, 2 हजार लोगों को मिला रोजगार

सीहोर में क्रॉम्पटन ग्रीव्स की नई पॉवर ट्रांसफॉर्मर मैन्युफैक्चरिंग यूनिट के ट्रांसफॉर्मर के रोल आउट की शुरूआत की गई. 888 करोड़ की लागत से तैयार इस फैक्ट्री में करीब 2000 लोगों को रोजगार मिला है. कंपनी की नई यूनिट में 220 केवी से लेकर 1200 केवी तक के हाई-कैपेसिटी पावर ट्रांसफॉर्मर तैयार किए जाएंगे.

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इस यूनिट का शुभारंग करते हुए कहा कि “सीहोर भोपाल मेट्रोपॉलिटन सिटी का हिस्सा है, इससे यहां के लोगों को फायदा मिलेगा. देश के इलेक्ट्रिकल इकोसिस्टम को ट्रांसफॉर्म करने में सीजी पावर एंड इंडस्ट्रियल सॉल्यूशंस की यह यूनिट बड़ी भूमिका निभाएगी. सीहोर में आज के समय में टायर से लेकर ट्रांसफार्मर तक सभी कुछ तैयार हो रहा है. प्रदेश के ग्रोथ में पैशन, पॉटेंशियल, पॉलिसी, परफॉर्मेंस और प्रोडक्शन यह पांच महत्वपूर्ण कड़ियां हैं, जो प्रदेश में उद्योग को आगे बढ़ा रही हैं. 13 महीने में सीहोर में दुनिया की सबसे बड़े ट्रांसफॉर्मर की यूनिट बनकर तैयार हो गई है.”

8 माह में दूसरी बड़ी औद्योगिक इकाई हुई स्थापित

मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कहा कि प्रदेश में बीते 8 माह में दूसरी बड़ी इकाई स्थापित हुई है. इसके पहले ग्वालियर चंबल अंचल में गोदरेज इंडस्ट्री ने एशिया की सबसे बड़ी अपनी चौथी यूनिट की शुरूआत की थी. प्रदेश में आ रहे उद्योगों में सिर्फ प्रोडक्ट ही तैयार नहीं हो रहे इसके साथ ही प्रदेश की आर्थिक समृद्धि, टैक्स कलेक्शन और रोजगार के नए अवसर भी पैदा हो रहे हैं. देश के साथ मध्य प्रदेश भी औद्योगिक विकास में तेजी से आगे बढ़ रहा है.

हर माह बनेंगे जंबो साइज ट्रांसफॉर्मर

सीजी पॉवर एंड इंडस्ट्रियल सॉल्यूशंस के सीईओ अमर कौल ने बताया कि “इस नई यूनिट में करीब 2 हजार लोगों को रोजगार मिला है और यहां हर माह 35 ट्रांसफॉर्मर तैयार किए जाएंगे. इसका आकार किसी तीन मंजिला मकान के बराबर होगा. कंपनी में अत्याधुनिक मशीनों के जरिए उत्पादन हो रहा है. यहां दुनिया की सबसे बड़ी टेस्ट लैब भी तैयार हुई है. इस यूनिट की जरूरत की 36 फीसदी बिजली सोलर एनर्जी से पूरी होगी. यह यूनिट 50 एकड़ भूमि पर स्थापित हुई है.”

Share This Article
Leave a Comment