लखनऊ पहुंचे नितिन नबीन ने कहा- जमीन पर उतरें कार्यकर्ता, सोशल मीडिया के ग्लैमर से रहें पूरी तरह से दूर

Parthadmin

लखनऊ। कड़ी धूप और फिर हल्की बरसात से बढ़ी उमस के बावजूद कार्यकर्ताओं की अभूतपूर्व गर्मजोशी से गदगद भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने शनिवार को संगठन के चुनावी तार कसते हुए साफ कहा कि ‘पदाधिकारी दिल्ली परिक्रमा न करें, वे क्षेत्र पर ध्यान लगाएं।’ नए प्रदेश पदाधिकारियों व जिलाध्यक्षों को चुनावी मंत्र देते हुए मिशन-2027 के लिए प्रेरित किया। हर माह पदाधिकारियों की रिपोर्ट जांचने के लिए कहा।

यह भी बताया कि मंडल से लेकर प्रदेश स्तर तक मासिक बैठकें अनिवार्य होंगी। पूर्व प्रदेश अध्यक्षों के साथ संवाद बढ़ाने का मंत्र देकर स्पष्ट कर दिया कि पुराने और रूठे चेहरों को भी पार्टी साधकर चलेगी। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने आगाह किया कि सोशल मीडिया पर पार्टी की नीतियों के खिलाफ बोलना अनुशासनहीनता मानी जाएगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कुंदरकी विधान सभा सीट पर उपचुनाव में मिली जीत का उदाहरण देते हुए जनसंपर्क का मंत्र दिया।

उधर, राष्ट्रीय महामंत्री बीएल संतोष ने कहा कि पद पाने के बाद भारी भीड़ के साथ सड़क पर निकलने की दिखावे की संस्कृति से बचना चाहिए। राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार उत्तर प्रदेश में संगठनात्मक बैठक करने शनिवार को लखनऊ पहुंचे नितिन नवीन के स्वागत में एयरपोर्ट से लेकर प्रदेश मुख्यालय तक 16 किलोमीटर लंबा गलियारा भगवा रंग की होर्डिंगों, पताकों एवं बैनरों से पटा था।

कार्यकर्ताओं को बताई भूमिका

स्वागत यात्रा में सर्वसमाज को साधते हुए मुख्यालय पहुंचे नितिन नवीन ने अध्यक्ष के रूप में उत्तर प्रदेश के राजनीतिक करंट को करीब से देखा। कार्यालय के गेट से पैदल चलकर अंदर पहुंचे नितिन नवीन ने सभी पदाधिकारियों व मोर्चा अध्यक्षों को उनकी भूमिका बताई। कहा कि मैं 2007, 2012 और 2017 के चुनाव में भी यूपी में रहा, जहां पहले दो चुनावों में आपसी उलझनों से सफलता नहीं मिली।

नए पदाधिकारियों से कहा कि वे स्वयं बढ़ें, पार्टी को बढ़ाएं और समन्वय के साथ अपने सहयोगियों को भी। पदाधिकारियों से कहा कि वे केंद्र और राज्य सरकार की तीन-तीन योजनाओं का अपने इंटरनेट मीडिया प्लेटफार्म से प्रचार करें और लोगों को समझाएं। उन्होंने कार्यकर्ताओं के छात्र भाव को जगाते हुए कहा कि दूसरे दलों के नेताओं से भी अच्छी बातें सीख सकते हैं।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कानून व्यवस्था, किसान, रोजगार, निवेश, नौजवान, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं कृषि क्षेत्रों में सरकार की उपलब्धियों को अभूतपूर्व बताते हुए जनता के विश्वास की तरफ ध्यान दिलाया। बीएल संतोष ने कहा कि यूजीसी प्रकरण में चंद शब्दों को लेकर एक असहज करने वाली परिस्थिति खड़ी करने का प्रयास हुआ।

पूछा कि आखिर हम इंटरनेट मीडिया पर जातियों में क्यों बंटने लगे? राम मंदिर में चढ़ावा चोरी का विषय आस्था को चोट पहुंचाता है, हालांकि जांच तत्परता से बैठाई गई। प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने स्वागत व समापन संबोधन करते हुए सभी का आभार जताया। इसके बाद नितिन नवीन और बीएल संतोष ने लालबाग स्थित शर्मा चाय की दुकान पर पहुंचकर चाय पी। यहां से सब होटल ताज गए, जहां सीएम, दोनों डिप्टी सीएम, सांसदों, विधायकों व सभी जनप्रतिनिधियों से लंबा संवाद किया।

Share This Article
Leave a Comment