BEST बस हड़ताल: मुंबई की लाइफलाइन ठप! बेस्ट कर्मचारियों की हड़ताल, कई डिपो से एक भी बस नहीं निकली

Parthadmin

19 जून, 2026: आधी रात से BEST बस हड़ताल के कारण मुंबई में यातायात अस्त-व्यस्त, लाखों यात्री फंसे। बेस्ट कृति समिति की 8 मांगें, सरकार ने मेस्मा लगाकर हड़ताल को गैरकानूनी ठहराया।

Best Strike: मुंबईकरों की दूसरी लाइफलाइन मानी जाने वाली बेस्ट सेवा आधी रात 12 बजे से ठप हो गई है। बेस्ट कृति समिति द्वारा बुलाए गए ‘काम बंद’ आंदोलन के कारण मुंबई की परिवहन व्यवस्था चरमरा गई है। सुबह काम और स्कूल-कॉलेज जाने वाले लाखों यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। आज सुबह से ही कई इलाकों में बसें आई ही नहीं। जिस वजह से यात्री इंतजार करते रह गए।

कहां-कहां बंद हैं बसें?

मिली जानकारी के अनुसार, गोरेगांव, ओशिवरा, वडाला, मरोल और कुर्ला डिपो से सुबह एक भी बस बाहर नहीं निकली। कामगार संगठनों ने दावा किया है कि मुंबई के लगभग सभी डिपो में कमोबेश यही स्थिति है। अचानक शुरू हुई इस हड़ताल के कारण रेलवे स्टेशनों और रिक्शा-टैक्सी स्टैंड पर यात्रियों की भारी भीड़ देखी जा रही है। अपने रोज के समय पर निकले यात्रियों को आज बेस्ट की इस हड़ताल की वजह से देर होने की आशंका है।

ये संगठन हड़ताल में नहीं!

हालांकि दावा किया जा रहा है कि इस आंदोलन में सभी कामगार शामिल हैं, लेकिन सामने आई जानकारी के मुताबिक शशांक राव की बेस्ट वर्कर्स यूनियन और प्रसाद लाड का संगठन इस ‘काम बंद’ आंदोलन में हिस्सा नहीं लेगा। इससे कामगारों में दो गुट बन गए हैं। बेस्ट कर्मचारियों ने प्रशासन और राज्य सरकार के सामने अपनी लंबित मांगों को लेकर यह हड़ताल बुलाई है।

Share This Article
Leave a Comment