शिवराज का गंजबासौदा को बड़ा तोहफा: कृषि महाविद्यालय के विकास के लिए 40 करोड़ रुपये मंजूर

Parthadmin

विदिशा : केंद्रीय कृषि व किसान कल्याण और ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान का गंजबासौदा में अनोखा अंदाज दिखा. शिवराज यहां एक बार फिर मामा वाले लुक में नजर आए और छोटी-छोटी बच्चियों के साथ टोपी पहनकर जन्मदिन मनाया. अपने इस प्रवास के दौरान उन्होंने विदिशा जिले को बड़ी सौगातें भी दीं. केंद्रीय मंत्री यहां कृषि महाविद्यालय गंजबासौदा के कार्यक्रम में पहुंचे थे. यहां उन्होंने समग्र विकास के लिए भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (ICAR) के माध्यम से ₹40 करोड़ की भारी-भरकम राशि कॉलेज को देने की घोषणा की.

40 करोड़ रुपए से बदलेगी कॉलेज की सूरत, युवाओं को मिलेंगी ये सुविधाएं

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा, ” कृषि महाविद्यालय गंजबासौदा को देश में कृषि शिक्षा, नवाचार और अनुसंधान का अग्रणी केंद्र बनाया जाएगा. इस 40 करोड़ रुपए के बजट से कॉलेज में अत्याधुनिक प्रयोगशालाएं और आधुनिक वैज्ञानिक उपकरण लगाए जाएंगे. साथ ही छात्र-छात्राओं के लिए नए और सर्वसुविधायुक्त हॉस्टल और 600 सीटों की क्षमता वाले आधुनिक सभागार का निर्माण होगा. इतना ही नहीं, यहां 100 कंप्यूटरों वाली एक हाई-टेक डिजिटल सेल और पुराने हॉस्टलों का रेनोवेशन और एक भव्य खेल परिसर का निर्माण भी होगा.”

फसलों और मिट्टी पर होगी बड़ा रिसर्च

केंद्रीय मंत्री ने क्षेत्र के किसानों को सीधे लाभ पहुंचाने के लिए बड़े वैज्ञानिक संस्थानों के साथ टाई-अप की भी घोषणा की. अब गंजबासौदा कृषि कॉलेज में केंद्रीय मृदा लवणता अनुसंधान संस्थान (करनाल) और भारतीय मृदा विज्ञान संस्थान (भोपाल) के सहयोग से मिट्टी प्रबंधन पर रिसर्च होगी. इसके साथ ही भारतीय सोयाबीन अनुसंधान संस्थान (इंदौर) के माध्यम से सोयाबीन की उत्पादकता बढ़ाने के लिए राष्ट्रीय स्तर के प्रोजेक्ट शुरू किए जाएंगे, जिससे किसानों को नई वैज्ञानिक तकनीकें मिल सकें.

लाडली बालिकाओं संग काटा केक

अपने गंजबासौदा प्रवास के दौरान केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान का बेहद संवेदनशील और आत्मीय रूप भी देखने को मिला. मुख्यमंत्री जनकल्याण अभियान के तहत आयोजित एक शिविर में वे महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा आयोजित जन्मोत्सव कार्यक्रम में शामिल हुए. यहां उन्होंने लाडली बालिकाओं के साथ केक काटकर जन्मदिन मनाया और बच्चों को दुलार किया. उन्होंने कहा, ” बेटियां देश का भविष्य हैं. बेटियों का सम्मान, उनकी शिक्षा और सशक्तिकरण हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है.”

एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत किया पौधारोपण

गंजबासौदा पहुंचे केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कृषि महाविद्यालय के नए भवन का बारीकी से निरीक्षण किया. इसके बाद उन्होंने परिसर में पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत पौधारोपण किया. इस दौरान उनके साथ कॉलेज के करीब 100 छात्र-छात्राओं ने भी पौधे लगाए और हरित भविष्य का संकल्प लिया.

इस अवसर पर क्षेत्र के कई प्रमुख जनप्रतिनिधि और आला अफसर मौजूद रहे, जिनमें गंजबासौदा विधायक हरि सिंह रघुवंशी, विदिशा विधायक मुकेश टंडन, कुरवाई विधायक हरिसिंह सप्रे, ICAR के सहायक महानिदेशक डॉ. इंद्र देव, और भारतीय मृदा विज्ञान संस्थान के निदेशक डॉ. मनोरंजन मोहंती प्रमुख रूप से शामिल थे.

Share This Article
Leave a Comment