मुंबई। महाराष्ट्र की नवी मुंबई के सानपाड़ा के सेक्टर 1 स्थित प्रतीक्षा बिल्डिंग में सागर फैमिली रेस्टोरेंट में जोरदार धमाका हुआ। हादसे में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए जिनका म्युनसिपल कॉर्पोरेशन के वाशी अस्पताल में इलाज जारी है। धमाका सुबह करीब 6:00 बजे का है।
धमाके से मची अफरा-तफरी
प्रतीक्षा कमर्शियल बिल्डिंग में हुआ ये धमाका इतना जोरदार था कि उसके बगल में मौजूद अभिमन्यु CHS की दुकानें भी प्रभावित हुई हैं। बिल्डिंग के सामने बने अस्पताल की खिड़कियों के शीशे तक टूट गए। धमाके से आस पास की 6 दुकानों को भी भारी नुकसान पहुँचा है।
हादसे में दो लोग गंभीर रूप से घायल
नवी मुंबई में अहले सुबह हुए इस घटना में 26 साल का अरुण यादव और 46 साल के अर्जुन यादव गंभीर रूप से घायल हैं। दोनों घायलों का नवी मुंबई म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन के वाशी अस्पताल में इलाज जारी है।
पूरी जांच के बाद होगा खुलासा
वाशी के फायर डिपार्टमेंट ऑफिसर पुरुषोत्तम जाधव ने बताया सानपाड़ा में हुए इस धमाके की जांच जारी है। शुरुआती जांच में आस-पास की खाने की दुकान में मिले तीन सिलिंडर सही सलामत दिख रहे हैं। घटना की असली वजह का पता लगाने के लिए लगातार जांच की जा रही है। हालांकि शुरुआती जानकारी के मुताबिक यह गैस सिलेंडर में धमाका था।