बारिश-बाढ़ के बीच एमपी में रेस्क्यू ऑपरेशन तेज, 527 लोगों को सुरक्षित निकाला

Parthadmin

भोपाल : प्रदेश में जारी बारिश के बीच प्रशासन ने राहत और बचाव कार्य तेज कर दिए हैं. अबतक कई इलाकों में बाढ़ जैसे हालातों के बीच 527 लोगों को सुरक्षित रेस्क्यू किया गया है. बारिश और जलभराव की स्थिति को देखते हुए जिला और राज्य स्तर पर रेस्क्यू टीमों को अलर्ट मोड पर रखा गया है. इसी बीच मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंगलवार को भोपाल में होमगार्ड कंट्रोल रूम पहुंचकर प्रदेश में चल रहे राहत व बचाव कार्यों की समीक्षा की. मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से अलग-अलग जिलों में बारिश, जलभराव, नदी-नालों के बढ़ते जलस्तर और रेस्क्यू ऑपरेशन की स्थिति की जानकारी ली. उन्होंने कहा कि आपदा की स्थिति में लोगों की जान बचाना पहली प्राथमिकता है. मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कहा कि सभी जरूरी संसाधनों को तैयार रखा जाएं.

भोपाल सहित पूरे मध्य प्रदेश में बारिश का दौर जारी है. कई जिलों में बाढ़ जैसी स्थिति निर्मित हो चुकी है. वहीं, कई इलाकों में जल भराव के साथ नदी-नाले भी तूफान पर हैं. ऐसे में रेस्क्यू टीम को भी अलर्ट रहने के लिए राज्य सरकार ने निर्देशित कर दिया है. मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने होमगार्ड स्थित कंट्रोल रूम पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्यों की समीक्षा की.

527 लोगों को सुरक्षित बचाया गया

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बताया, ” प्रदेश में अब तक राहत और बचाव दलों ने 527 लोगों को सुरक्षित रेस्क्यू किया है. कठिन परिस्थितियों के बावजूद जवान लगातार दिन-रात अभियान चला रहे हैं. हाल ही में खंडवा जिले में नदी का जलस्तर बढ़ने के कारण फंसे 7 कांवड़ियों को भी सुरक्षित बाहर निकाला गया. रेस्क्यू टीमों ने मौके पर पहुंचकर सभी कांवड़ियों को सुरक्षित निकाला. प्रभावित लोगों के लिए भोजन और रहने की व्यवस्था भी की गई.”

होमगार्ड मुख्यालय भोपाल (Etv Bharat)

जिला और राज्य स्तर पर बेहतर तालमेल

मुख्यमंत्री ने कहा, ” बारिश से उत्पन्न परिस्थितियों से निपटने के लिए जिला प्रशासन, पुलिस, होमगार्ड और अन्य संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाया गया है. संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखी जा रही है. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नदी, नाले और जलभराव वाले क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरती जाए. निचले इलाकों में पानी बढ़ने की स्थिति में लोगों को समय रहते सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जाए, ताकि किसी तरह की जनहानि न हो.”

रेस्क्यू टीमों की तत्परता की सराहना

मुख्यमंत्री ने होमगार्ड, एसडीआरएफ और स्थानीय प्रशासन की टीमों द्वारा किए जा रहे राहत एवं बचाव कार्यों की सराहना की. उन्होंने कहा, ” आपदा की स्थिति में रेस्क्यू टीमों की तत्परता और आपसी समन्वय बेहद महत्वपूर्ण है. किसी भी आपात स्थिति में जरूरत के मुताबिक एयर एम्बुलेंस और हेलीकॉप्टर की सेवाएं भी ली जाएंगी. सरकार का उद्देश्य है कि संकट की स्थिति में प्रदेश का कोई भी नागरिक मदद से वंचित न रहे.

मुख्यमंत्री ने नदी किनारे और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है. उन्होंने लोगों से अपील की कि बारिश के दौरान उफनती नदियों और तेज बहाव वाले नालों को पार करने का जोखिम न उठाएं और प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करें.

Share This Article
Leave a Comment