मुंबई में भारी बारिश से हाहाकार, सड़क से रेलवे ट्रैक तक भरा पानी

Parthadmin

मुंबई। मुंबई और उसके आसपास के इलाकों में शनिवार रात से लगातार हो रही भारी बारिश के कारण आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। कई जगहों पर जलभराव होने से यात्रियों और वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

स्थिति इतना खराब है कि नालासोपारा रेलवे स्टेशन के पूर्वी हिस्से में भारी पानी भर गया है। इसके बावजूद यात्रियों को मजबूरी में गंदे और जमे हुए पानी से गुजरकर आना-जाया पड़ रहा है।

यात्रियों को हो रही दिक्कतें

स्टेशन परिसर के अंदर भी लोगों की भारी भीड़ नजर आई। इसके अलावा वसई-विरार, सेंटर पार्क और तुलिंज ब्रिज के आसपास की सड़कों पर भी पानी भर जाने से सुबह के समय पैदल चलने वालों और वाहन चालकों को काफी दिक्कतें हुईं।

इसके अलावा मुंबई के दादर इलाके में भी लगातार बारिश से लोगों को आने-जाने में परेशानी हो रही है। वहीं, कुर्ला स्टेशन पर रेलवे ट्रैक पर पानी भर जाने से ट्रेनों की आवाजाही पर भी असर पड़ा है।

IMD ने जारी किया येलो अलर्ट

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने रविवार के लिए मुंबई, ठाणे और पालघर में येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार, इन इलाकों में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने, हल्की से मध्यम बारिश होने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। कुछ अलग-थलग जगहों पर भारी बारिश भी हो सकती है। सोमवार को भी मुंबई में बारिश जारी रहने के आसार हैं।

गणेशोत्सव पर बारिश का साया

गौरतलब है कि रविवार को गणेशोत्सव का पहला दिन है और मौसम विभाग ने इसी दिन शहर में मध्यम बारिश का अनुमान जताया है। इसके अलावा, मंगलवार से शुरू होने वाले मूर्ति विसर्जन जुलूस के दौरान भी हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है।

Share This Article
Leave a Comment